जमशेदपुर. श्रीनाथ विश्वविद्यालय के तीन दिवसीय टेक फेस्ट टेकरूट 3.0 का तीसरा और अंतिम दिन आज सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पुरस्कार वितरण और प्रेरणादायी संबोधनों के साथ भव्य रूप से सम्पन्न हुआ. इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और विशिष्ट अतिथियों ने तकनीक, नवाचार और सांस्कृतिक विविधता का शानदार संगम देखा.

परंपरागत दीप प्रज्वलन के बाद स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष श्री शशि कांत सिंह ने छात्रों को संबोधित किया. तीसरे दिन में छात्रों के द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए. विशेष अतिथि डॉ. वारिस सरवर इमाम ने छात्रों के साथ अपने विचार साझा किए, तत्पश्चात विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. मौसुमी महतो ने विश्वविद्यालय में आमंत्रित अतिथियों को भेंट देकर सम्मानित किया.
कार्यक्रम में मौजूद विशिष्ट अतिथि श्री अशुतोष कुमार सिन्हा ने छात्रों के साथ अपना अनुभव साझा किया जिसके बाद उन्होंने मीम्स व फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया. उनका सम्मान कुलपति प्रो. (डॉ.) शिवानंद सिंह ने किया. एसोसिएट डीन एकेडमिक्स डॉ. भाव्या भूषण ने रील्स मेकिंग, डॉक्यूमेंट्री और ब्रिज किर्ति के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए. मैकेनिकल इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष श्री अभिषेक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ. टेकरूट 3.0 का समापन दिवस तकनीकी कौशल, नवाचार, सांस्कृतिक समृद्धि और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की झलक के साथ हुआ.