Patna . बिहार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय टाइगर के पटना स्थित निजी आवास में चोरों ने सेंध लगाकर करीब 600 ग्राम सोना, दो किलोग्राम चांदी और सात लाख रुपये नकद चुरा लिए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, चोरी की यह घटना शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात पटना के एजी कॉलोनी स्थित मंत्री के दो मंजिला मकान में हुई। बदमाशों ने घर के ताले तोड़कर चार फ्लैट के आठ कमरों को खंगाला और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। यह इलाका शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

सचिवालय के एसडीपीओ-2 साकेत कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि मंत्री के छोटे भाई अपने परिवारों के साथ इस मकान में रहते हैं। हालांकि, छठ पूजा मनाने के लिए परिवार के सभी सदस्य भोजपुर जिले में अपने पैतृक गांव गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

उन्होंने बताया कि घर लौटने पर परिजनों ने पुलिस को चोरी की सूचना दी। चोर अलमारियों में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ले गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने कमरों में सामान बिखेर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साकेत कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस संबंध में मंत्री संजय टाइगर से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

