Site icon Lahar Chakra

Train derails at Rajkharsawan: आयरन ओर लदी मालगाड़ी की तीन बोगियां राजखरसावां स्टेशन के पास पटरी से उतरी, डाउन लाइन पर आवागमन बाधित, पहुंचे डीआरएम

CHAKRADHARPUR. दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत राजखरसावां रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार की सुबह करीब 10.30 बजे मालगाड़ी की तीन बोगियां बेपटरी हो गयीं. चाईबासा-राजखरसावां रेल खंड के डाउन लाइन-5 पर मालगाड़ी बेपटरी हुई है. हालांकि, मालगाड़ी बेपटरी होने से कोई हताहत नहीं हुआ है. लेकिन उस रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन घंटो बाधित रहा, जबकि अन्य रेल लाइन पर आवागमन सामान्य रहा.

इसकी सूचना मिलते ही चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रैक को दुरुस्त कराने में जुटे हैं. दरअसल, ओड़िशा के बड़बिल से लौह अयस्क लेकर यह माल गाड़ी राजखरसावां के रास्ते कांड्रा की ओर जो रही थी. लेकिन राजखरसावां रेलवे स्टेशन पहुंचने से करीब 600 मीटर पहले इस मालगाड़ी की 3 बोगी डिरेल हो गयी. मालगाड़ी के बेपटरी होते ही इसकी जानकारी सायरन के माध्यम से स्थानीय रेल अधिकारियों को दी गयी. घटना की जांच चल रही है. मालगाड़ी के बेपटरी होने के कारणों का पता नहीं चल सका है. रेलवे के अधिकारी इसकी जांच में जुट गये है.ड़

मालगाड़ी के डिरेल होने की सूचना मिलने के बाद डीआरएम समेत अन्य अधिकारियों ने जायजा लिया. चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया, सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर, एडीआरएम विनय कुजूर ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली. घटना के संबंध में कुछ भी बताने से रेलवे के अधिकारी बच रहे हैं और न ही इस घटना की स्पष्ट जानकारी दी गयी है.

Exit mobile version