


Ranchi : रांची के बिल्डर कमल भूषण हत्याकांड में अदालत ने दोषी आरोपियों को आजीवन कारावास (उम्रकैद) की सजा सुनाई है. एजेसी-3 आनंद प्रकाश के न्यायालय में फैसला सुनाने जाने के बाद पीड़ित पक्ष ने इसे न्याय की जीत बताया है. पुलिस और जांच एजेंसियों ने सबूतों के आधार पर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया था. इस मामले में राहुल कुजूर, डबलू कुजूर, काविस अदनान को बीते 19 सितंबर को दोषी करार दिया गया था. इस मामले में सुशीला कुजूर और सरकारी गवाह बने मुनव्वर अफाक को बरी कर दिया गया है.
30 मई 2022 को हुई थी कमल भूषण की नृशंस हत्या
रांची के मधुकम निवासी बिल्डर कमल भूषण की 30 मई 2022 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अपराधियों ने रातू रोड मुख्य मार्ग पर गैलेक्सिया मॉल के पास स्थित एक फास्ट फूड सेंटर के नजदीक खड़ी कार में बैठे कमल भूषण पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं. बताया गया कि कार की पिछली सीट पर बैठे कमल भूषण को दोनों ओर से घेरकर दो हमलावरों ने फायरिंग की थी.
कमल भूषण अपनी इकलौती बेटी यामिनी की शादी किसी आईएएस अधिकारी से करना चाहते थे. इसके लिए वे लड़के की तलाश में भी थे. लेकिन मई 2021 में यामिनी ने राहुल कुजूर नामक युवक से मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया. पिता ने हर संभव प्रयास कर बेटी को घर लाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे. इस विवाद ने दोनों परिवारों के बीच गहरी दुश्मनी को जन्म दिया. और फिर दिनदहाड़े कमल भूषण की सड़क पर ही हत्या कर दी गई.
कमल भूषण की हत्या के करीब एक साल बाद अपराधियों ने उनके एकाउंटेंट संजय कुमार सिंह को भी गोली मारकर हत्या कर दी थी.



