Site icon Lahar Chakra

बिनोद अग्रवाल हत्याकांड में तीन संदिग्ध गिरफ्तार, SP ने किया हत्याकांड का खुलासा, जाने क्या कहां…

Gumla : गुमला में बिनोद अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस कप्तान हारिस बिन जमां के निर्देश पर गुमला एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. इस टीम ने गुमला थाना क्षेत्र के दुन्दरिया टुंगरी इलाके में छापेमारी कर दो संदिग्धों को पकड़ा. पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंचल ब्यूम तिर्की उर्फ चीकू और जुलियन मिंज उर्फ जुली के तौर पर की गयी. दोनों गुमला के सिसई इलाके के रहने वाले हैं.

पुलिस पूछताछ में अंचल ब्यूम तिर्की ने हत्या की साजिश का खुलासा किया. उसने बताया कि दो साल पहले उसके बड़े भाई सोनू पर मृतक बिनोद अग्रवाल के घर चोरी का आरोप लगा था. इसके बाद से बिनोद अग्रवाल अक्सर उन दोनों भाइयों को ताना मारा करता था. यह बात अंचल ब्यूम तिर्की को पसंद नहीं थी. पिछले साल क्रिसमस के समय दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था, तभी से उसने बिनोद को मारने की प्लानिंग कर ली थी.

घटना वाले दिन, यानी 6 जुलाई 2025 को दोपहर करीब 3 बजे जुलियन मिंज और समीर टोप्पो अंचल के घर पहुंचे. वहां तीनों ने शराब और गांजा पीया और फिर मिलकर हत्या की योजना बनाई. शाम करीब 5 बजे तीनों घर से निकले. जैसे ही बिनोद अग्रवाल पास की राशन दुकान से सामान लेकर लौट रहे थे, अंचल ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे बिनोद अग्रवाल की मौत हो गयी.

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, एक तलवार और एक अपाचे मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है. इसके बाद तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. अंचल ब्यूम तिर्की उर्फ चीकु के खिलाफ पुलिस फाइल में एक और जुलियन मिंज उर्फ जुली के खिलाफ पांच मामले दर्ज हैं.

Exit mobile version