Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: टीएमएच में मरीजों और परिजनों को मिलेगी मुफ्त ‘सेवा सवारी’, चार नई सुविधाओं की शुरुआत

जमशेदपुर। मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधा देने के साथ अस्पताल परिसर में आवागमन आसान बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ने बुधवार को चार नई सुविधाओं की शुरुआत की। इनमें निःशुल्क इलेक्ट्रिक वाहन आधारित ‘सेवा सवारी’, एयर-कंडीशंड इमरजेंसी वेटिंग हॉल, 50 किलोग्राम क्षमता वाला बायोगैस प्लांट और फ्रंट केबिन से रेडियोलॉजी क्षेत्र को जोड़ने वाला ओवरहेड कनेक्टिंग कॉरिडोर शामिल हैं।

इन सुविधाओं का उद्घाटन टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदरा रामम और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी ने टाटा स्टील की जनरल मैनेजर (मेडिकल सर्विसेज) डॉ. विनिता सिंह की उपस्थिति में किया।

तीन इलेक्ट्रिक वाहनों से मिलेगी मुफ्त ‘सेवा सवारी’

अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए तीन इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ ‘सेवा सवारी’ शुरू की गई है। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क होगी। इसके माध्यम से अस्पताल आने वाले मरीज और उनके परिजन परिसर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक आसानी से पहुंच सकेंगे। यह सुविधा प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

इमरजेंसी वेटिंग हॉल में एसी की सुविधा

इमरजेंसी में भर्ती मरीजों के परिजनों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए वेटिंग हॉल को अपग्रेड किया गया है। अब यहां एयर-कंडीशनिंग की सुविधा मिलेगी। इससे इलाज के दौरान प्रतीक्षा कर रहे परिजनों को अधिक आरामदायक माहौल उपलब्ध हो सकेगा।

रसोई के कचरे से बनेगी गैस और जैविक खाद

पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन की दिशा में अस्पताल की रसोई के पास 50 किलोग्राम क्षमता वाला बायोगैस प्लांट स्थापित किया गया है। इसमें खाने के बचे हुए हिस्सों और सब्जियों के छिलकों का उपयोग कर खाना पकाने के लिए गैस और जैविक खाद तैयार की जाएगी। इससे रसोई के जैविक कचरे का बेहतर इस्तेमाल होगा और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी।

फ्रंट केबिन और रेडियोलॉजी क्षेत्र के बीच कॉरिडोर

अस्पताल के फ्रंट केबिन और रेडियोलॉजी क्षेत्र को जोड़ने के लिए ओवरहेड कनेक्टिंग कॉरिडोर भी तैयार किया गया है। इससे मरीजों को विभिन्न विभागों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। साथ ही अस्पताल के आंतरिक आवागमन और कामकाज को अधिक सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।

टीएमएच प्रबंधन के अनुसार, इन चारों सुविधाओं का उद्देश्य अस्पताल को मरीजों के अनुकूल, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार और बेहतर कार्यप्रणाली वाला बनाना है।

उद्घाटन समारोह में टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह, जनरल सेक्रेटरी सतीश कुमार सिंह, डॉ. अशोक सुंदर, चीफ मेडिकल इंडोर सर्विसेज; डॉ. ममता रथ दत्ता, चीफ मेडिकल सपोर्ट सर्विसेज; वरुण बजाज, चीफ कॉरपोरेट सर्विसेज; मुकुल विनायक चौधरी, चीफ स्पोर्ट्स; सिंह राजन, हेड एडमिनिस्ट्रेशन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Exit mobile version