Jamshedpur. दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर-भद्रक रेलखंड पर रविवार को एक मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना नयाग्राम और बेनपुकुर स्टेशनों के बीच दोपहर करीब 3:40 बजे हुई। मालगाड़ी के इंजन से जुड़े चार वैगन बेपटरी होने के कारण डाउन और मिडिल लाइन पर रेल परिचालन बाधित हो गया। इससे अप और डाउन दोनों दिशाओं की कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। घटना की सूचना मिलते ही खड़गपुर से दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) और 140 टन क्षमता की क्रेन को मौके के लिए रवाना किया गया। तकनीकी टीम और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर ट्रैक को दुरुस्त करने में जुट गए। यात्रियों की सहायता के लिए टाटानगर स्टेशन पर हेल्प डेस्क बनाया गया है।
कई ट्रेनें रद्द और कुछ का परिचालन सीमित
हादसे के कारण रेलवे ने कुछ ट्रेनों को रद्द किया है, जबकि कई ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही रोकने या वहीं से वापस चलाने का निर्णय लिया गया है। ट्रेन संख्या 18037 (27 सितंबर) और 18038 (28 सितंबर) रद्द रहेगी। ट्रेन 68007 (27 सितंबर) को खड़गपुर में ही समाप्त किया गया, जबकि 68002 (28 सितंबर) खड़गपुर से ही चलेगी। इसी तरह 18022 (27 सितंबर) भद्रक में समाप्त होगी और 18021 (28 सितंबर) भद्रक से चलेगी। ट्रेन 68442 (27 सितंबर) को भद्रक में समाप्त किया गया, जबकि 68441 (28 सितंबर) भद्रक से रवाना होगी।
कई ट्रेनों को रास्ते में रोका गया
रेल लाइन बाधित होने के कारण कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोककर नियंत्रित किया गया। रेलवे की ओर से ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त कर परिचालन सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
