Site icon Lahar Chakra

Treasury Scam: ट्रेजरी घोटाले में दो और गिरफ्तार, गबन की राशि बढ़कर 28 करोड़ रुपये तक पहुंची, राज्य के कई जिलों में जांच जारी

Ranchi. हजारीबाग पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय कोषागार घोटाले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। इसी के साथ गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या पांच हो गई है और गबन की राशि भी बढ़कर 28 करोड़ रुपये हो गई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। हजारीबाग के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किए गए तीन सिपाहियों शंभू सिंह, रजनीश सिंह और धीरेंद्र सिंह के अलावा दो महिलाओं शंभू सिंह की पत्नी काजल कुमारी और रजनीश की पत्नी खुशबू कुमारी को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि सभी पांचों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अधिकारी ने कहा, लगातार जांच के बाद गबन की राशि 15.41 करोड़ रुपये से बढ़कर 28 करोड़ रुपये हो गई। उपायुक्त ने बताया कि मामले की जांच के लिए हजारीबाग और बरही से टीम बिहार के गया भेजी गई हैं। उपायुक्त ने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि गया निवासी शंभू कुमार करोड़ों रुपये की संपत्ति का मालिक है।

उसके पास हजारीबाग और गया में करीब आठ करोड़ रुपये मूल्य की दो इमारतें हैं, जिनमें गया में स्थित चार मंजिला भवन भी शामिल है। जांच में यह भी पाया गया कि राशि का अधिकांश हिस्सा अचल संपत्तियों में निवेश किया गया था। हजारी बाग के पुलिस अधीक्षक अंजनि अंजान ने पत्रकारों से कहा कि घोटाले में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version