
Ranchi. झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने ट्रेजरी घोटालों को लेकर स्पष्ट कहा कि साल 2000 से 2026 तक हुए सभी ट्रेजरी घोटालों की व्यापक जांच कराई जाएगी और इसमें शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री ने दो टूक कहा कि सरकार का एक-एक रुपया वापस लिया जाएगा चाहे इसके लिए दोषियों की चल-अचल संपत्ति ही क्यों न जब्त करनी पड़े। वित्त मंत्री के अनुसार अब तक राज्य में 30 से 40 करोड़ रुपये तक के ट्रेजरी घोटाले सामने आ चुके हैं। इनमें सबसे अधिक मामले बोकारो और हजारीबाग जिलों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस गंभीर मुद्दे पर मुख्यमंत्री से भी चर्चा हो चुकी है और सरकार इस पर पूरी तरह गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।
मंत्री ने जानकारी दी कि राज्य के सभी 24 जिलों में स्थित कुल 33 ट्रेजरी की जांच कराई जाएगी। जहां भी अनियमितता या गड़बड़ी पाई जाएगी वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों से पूरी राशि की वसूली सुनिश्चित की जाएगी। राधाकृष्ण किशोर ने साफ कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो दोषियों की जमीन, मकान और अन्य संपत्तियां जब्त कर सरकारी धन की रिकवरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
