Site icon Lahar Chakra

चतरा में भारी मात्रा में हथियार और गोली के साथ टीएसपीसी उग्रवादी गिरफ्तार

चतरा. चतरा जिले की लावालौंग पुलिस ने तृतीय समिति प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) उग्रवादी को गिरफ्तार कर लिया है. उग्रवादी को खामडीह जंगल से पकड़ा गया है. उसके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोली बरामद हुए हैं. गिरफ्तार उग्रवादी जमादार गंझू उर्फ पहाड़ी गंझू लावालौंग थाना क्षेत्र के कनवातरी गांव का रहने वाला है. उसके पास से एक देशी कट्टा, 3 देशी राइफल, 92 राउंड गोली, 2 मोबाईल फोन, एक सिम कार्ड, एक टीएसपीसी पोस्टर, एक वर्दी केमोफ्लाइज और एक बैग जब्त किया गया.

यह जानकारी चतरा के एसपी सुमित कुमार खंडेलवाल ने शनिवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दी. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना थी कि टीएसपीसी उग्रवादी जमादर गंझू खामडीह के जंगल में हथियार के साथ घूम रहा है. सूचना मिलने पर सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जंगल में छापेमारी अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार किया गया.

एसपी ने कहा कि गंझू की निशानदेही पर हथियार, गोली और अन्य सामान जब्त किये गये हैं. गिरफ्तार उग्रवादी टंडवा, लावालौंग, सिमरिया, हजारीबाग, चतरा समेत अन्य जिलों में रंगदारी वसूलता था. कोहराम के दस्ते में काम करने वाला टीएसपीसी उग्रवादी अभी कबीर गंझू के साथ काम कर रहा है. उसके खिलाफ विभिन्न थाने में आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट का मामला दर्ज है.

एसपी ने बताया कि इसके खिलाफ सदर थाना में एक, टंडवा में 2, लावालौंग में 1 और सिमरिया थाने में एक मामला दर्ज है. वह पूर्व में जेल जा चुका है. इस संबंध में लावालौंग थाना कांड संख्या 57/25 के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया. एसपी ने उग्रवादियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द सरेंडर करें. सरकार की आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठायें. छापेमारी अभियान में एसडीपीओ के अलावा लावालौंग थाना प्रभारी रूपेश कुमार, सूर्यप्रताप सिंह, वाजिद अली और कई जवान शामिल थे.

Exit mobile version