
Chaibasa : चाईबासा पुलिस ने सुमित सिंह यादव हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने दो संदेही गुनहगार को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों के नाम अभिजीत अधिकारी और सौरभ राज उर्फ विक्टर बताये गये. करीब 28 साल का अभिजीत अधिकारी चाईबासा के सदर थाना क्षेत्र के छोटा नीमडीह का रहने वाला है.
वहीं, सौरभ राज उर्फ विक्टर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी टुंगरी में रहता है. पुरानी रंजिश के सुमित सिंह यादव की हत्या कर दी गयी थी. इस काम में अभिजीत और सौरफ तीन और लोगों ने इन दोनों का साथ दिया था. इस बात का खुलासा चाईबासा के सदर SDPO बाहमन टुटी ने मीडिया के सामने किया है.
SDPO बाहमन टुटी ने मीडिया को बताया कि बीते 13 जुलाई को सुमित सिंह यादव की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी. इस दुस्साहसिक वारदात को रात के करीब पौने दस बजे अंजाम दिया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा पुलिस कप्तान राकेश रंजन ने SIT गठित की. गठित SIT ने तफ्तीश शुरू की. टेक्निकल सेल की मदद ली गयी. इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो पांच संदेही गुनहगारों की शिनाख्त हो गयी. पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया.
पुलिस को दिये अपने बयान में बताया कि इन लोगों का सुमित सिंह यादव के साथ पुरानी अदावत थी, इस चलते मौका मिलते ही उसे टपका दिया. गिरफ्तार अभिजीत अधिकारी और सौरभ राज उर्फ विक्टर की निशानदेही पर पुलिस ने उनका शर्ट जब्त किया है. वारदात को अंजाम देने के आरोपियों ने वही शर्ट पहना हुआ था. शर्ट पर सुमित के खून से सना हुआ मिला. गिरफ्तार दोनों संदेही को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, उनके तीन साथियों को अरेस्ट करने के वास्ते पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
