
Chaibasa : चाईबासा के न्यू कॉलोनी नीमडीह में हुए सुमित सिंह यादव हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इनके नाम रवि टोप्पो और विजय दास बताये गये. इन लोगों के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल दो बाइक जब्त किए हैं. इस मामले में अब तक चार आरोपितों को पकड़ा जा चुका है, लेकिन मुख्य आरोपी अभी भी फरार है. इस बात की जानकारी चाईबासा के सदर SDPO बहामन टुटी ने मीडिया के साथ साझा की.
सदर SDPO ने मीडिया को बताया कि 13 जुलाई की रात करीब 9:45 बजे अपराधियों ने सुमित सिंह यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी. मृतक के पिता राजकुमार सिंह यादव के बयान के आधार पर 14 जुलाई को सदर थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था. घटना के बाद चाईबासा SP के निर्देश पर सदर SDPO की देखरेख में एक विशेष जांच टीम गठित की गई थी, जिसमें सदर और मुफ्फसिल थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे.
पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पांच आरोपितों की पहचान की थी. इससे पहले 20 जुलाई को अभिजीत अधिकारी और सौरभ राज उर्फ विक्टर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. गुरुवार को रवि टोप्पो और विजय दास की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल दो बाइक भी बरामद की हैं. पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. सदर SDPO ने बताया कि मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा.
