
Bokaro. बोकारो के ललपनिया थाना क्षेत्र के लुगू पहाड़ी में चल रहे एंटी नक्सल अभियान के दौरान मंगलवार को दो नक्सली सुरक्षाबलों के गिरफ्त में आ गये. गिरफ्तार नक्सलियों में दुमका की रहनेवाली अनीता मांझी और बिहार के जमुई जिला का रहनेवाला दयानंद शामिल है. हालांकि, बोकारो एसपी मनोज स्वर्गियारी एक नक्सली के गिरफ्तारी की पुष्टि कर रहे हैं. ज्ञात हो कि सोमवार को एंटी नक्सल अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एक करोड़ का इनामी प्रयाग मांझी उर्फ विकास के साथ आठ नक्सली को मार गिराया था. इसमें छह पुरुष नक्सली व दो महिला नक्सली शामिल थे. एसपी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जायेगा. नक्सली अपनी जान बचाने के लिए आत्मसमर्पण कर दें. अन्यथा पुलिस की गोली से मारे जाने के लिए तैयार रहें. सर्च के दौरान हथियार सहित दैनिक उपयोग की सामग्री पुलिस को मिली है.
इधर, लुगू पहाड़ की तलहटी में सोमवार को हुई मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गये. देर रात सभी नक्सलियों का शव ललपनिया थाना में रखा गया. मंगलवार तड़के तीन बजे पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के साथ सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए चास अनुमंडल अस्पताल लाया गया. पुलिस सुरक्षा में सुबह 4:30 बजे से 9:30 बजे तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चली. पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी, स्टिल फोटोग्राफी के साथ सभी कागजी कार्रवाई पूरी की गयी. इस दौरान शवों से निकले गये दो बुलेट को जब्त किया गया. जबकि, आगे की जांच के लिए शव का बेसरा व डीएनए सुरक्षित रखा गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया एसडीएम बेरमो मनोज मछुआ, एक दंडाधिकारी व कई पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पूरी की गयी. इसके बाद चार शवों को बोकारो जेनरल अस्पताल व चार शवों को अनुमंडल अस्पताल की मॉर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है. बोकारो एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि सभी के परिजनों को शव ले जाने की सूचना दे दी गयी है.
