
Jamshedpur: कदमा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में दो शातिर बदमाशों को हथियार सहित गिरफ्तार किया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4, खरकई नदी के किनारे दो संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रवेश सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया. तलाशी में एक आरोपी के पास देशी कट्टा और दूसरे के पास 8 एमएम की एक जिंदा गोली बरामद हुई.
गिरफ्तार दोनों आरोपी चाचा-भतीजा हैं. उनका नाम रविनाथ मछुआ (40 वर्ष) और आशीष मछुआ (19 वर्ष) है. दोनों शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-5, जयप्रकाश नगर के निवासी हैं. पुलिस जांच में पता चला कि ये दोनों इलाके में दबदबा बनाने के लिए लोगों को हथियार के बल पर डराते-धमकाते थे और विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे.
रविनाथ मछुआ का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड है; वह अवैध शराब कारोबार में संलिप्त होने के कारण पहले जेल जा चुका है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 25(1-B)a/26/35 Arms Act के तहत मामला दर्ज किया है.
बरामद सामान: लोहे का बना एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली.
