Site icon Lahar Chakra

चाईबासा के विचाराधीन कैदी की घाटशिला जेल में संदिग्ध मौत

Jamshedpur : जमशेदपुर जिले के घाटशिला उपकारा (जेल) में गुरुवार देर रात एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत आसनतालिया गांव निवासी भीम गोप के रूप में की गई है. इस घटना के बाद जेल परिसर और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.

घटना को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है. घाटशिला के कार्यपालक दंडाधिकारी अमन कुमार के बयान पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्राथमिकी में कहा गया है कि कैदी की मौत संदिग्ध हालात में हुई है, जिससे इसकी वजहों पर कई सवाल उठ रहे हैं.

घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन सक्रिय हो गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. मृतक कैदी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

 

Exit mobile version