
Jamshedpur. पटना-टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर अपनी खराब कैटरिंग सेवा के कारण विवादों में है। सोमवार को ट्रेन में यात्रा कर रहे एक यात्री ने परोसे गए खाने की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए X पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिकायत की गयी है। जमशेदपुर के यात्री वरुण कुमार ने रेल मंत्रालय को टैग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दरअसल,.पटना से टाटानगर आ रहे यात्री वरुण कुमार ने आरोप लगाया कि उन्होंने सफर के दौरान मांसाहारी भोजन का ऑर्डर दिया था। हालांकि, खाना खत्म होने की बात कहकर कोच अटेंडेंट ने उन्हें ‘हल्दीराम’ का ‘रेडी-टू-ईट’ पैकेट थमा दिया।
यात्री का कहना है कि 150 रुपए कीमत वाले इस पैकेट पर स्पष्ट निर्देश हैं कि इसे गर्म करके ही परोसा जाना चाहिए, लेकिन उन्हें यह बिल्कुल ठंडा दिया गया। ठंडा होने के कारण पैकेट के अंदर के चावल पूरी तरह कच्चे थे, जो खाने लायक नहीं थे।
अब IRCTC के अधिकारियों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की बात कही है। यह पहली बार नहीं है जब इस रूट की वंदे भारत में खाने को लेकर हंगामा हुआ है। इससे पहले 15 मार्च को एक यात्री को दिए गए दही में कीड़े मिलने का वीडियो वायरल हुआ था। उस घटना के बाद रेल मंत्रालय ने सख्त रुख अपनाते हुए पुरानी एजेंसी पर 40 लाख और अमूल पर 10 लाख का जुर्माना लगाया था।
वर्तमान में कैटरिंग की जिम्मेदारी आरके एसोसिएट एंड होटलियर्स प्राइवेट लिमिटेड के पास है। लेकिन नई एजेंसी के आने के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं दिख रहा है।
