BILASPUR
नववर्ष 2026 के शुभ अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सेवा गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक अभिनव, प्रगतिशील एवं सराहनीय पहल की गई है । इस पहल के अंतर्गत बिलासपुर–नागपुर–बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में दिनांक 01 जनवरी 2026 से टिकट जांच एवं निगरानी का दायित्व महिला टिकट चेकिंग स्टाफ को सौंपा गया है ।
यह नई एवं अभिनव पहल वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में प्रारंभ की गई है। इस प्रयोग का उद्देश्य न केवल टिकट जांच व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं अनुशासित बनाना है, बल्कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए यात्रियों को सुरक्षित, संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण यात्रा अनुभव प्रदान करना भी है।
उल्लेखनीय है कि बिलासपुर–नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ISO 9001:2015 प्रमाणित बिलासपुर मंडल की एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रीमियम ट्रेन है, जिसमें यात्रियों को उत्कृष्ट आसंदी व्यवस्था, वाई-फाई सुविधा, आधुनिक इन्फोटेनमेंट प्रणाली, स्वचालित दरवाजे तथा उच्च स्तरीय सुरक्षा मानकों जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अभिनव पहल के प्रमुख एवं विस्तृत लाभ :-
• महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा – रेल परिचालन जैसे उत्तरदायित्वपूर्ण क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय एवं प्रभावी भागीदारी से उनकी कार्यक्षमता, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता को नया मंच प्राप्त होगा। यह पहल कार्यस्थल पर लैंगिक समानता को भी सुदृढ़ करती है।
• महिला यात्रियों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना – महिला टिकट चेकिंग स्टाफ की उपस्थिति से विशेषकर महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक सुरक्षित, सहज एवं आत्मीय वातावरण का अनुभव होगा, जिससे उनकी यात्रा अधिक निश्चिंत एवं सुखद बनेगी।
• सौम्य, मधुर एवं संवेदनशील व्यवहार का लाभ – महिला टिकट चेकिंग स्टाफ का व्यवहार स्वाभाविक रूप से सौम्य, मधुर एवं संवादपरक होने के कारण यात्रीगण अपनी शिकायतें, सुझाव एवं समस्याएं अधिक सहजता से साझा कर सकेंगे। इससे त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा और सेवा गुणवत्ता में सुधार आएगा।
• यात्री व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन – संवाद की शैली अधिक विनम्र, सहयोगात्मक एवं संवेदनशील होने से यात्रियों के व्यवहार में भी सकारात्मक बदलाव आएगा, जिससे विवाद की संभावना न्यूनतम होगी और यात्रा वातावरण अधिक सौहार्दपूर्ण बनेगा।
• टिकट जांच व्यवस्था में पारदर्शिता एवं अनुशासन – बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा, जिससे न केवल व्यवस्था सुदृढ़ होगी बल्कि रेलवे राजस्व में भी वृद्धि सुनिश्चित होगी।
• सेवा गुणवत्ता एवं यात्री संतुष्टि में वृद्धि – संगठित, संवेदनशील एवं उत्तरदायी टिकट जांच प्रणाली से यात्रियों की संतुष्टि में वृद्धि होगी और वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों की सेवा छवि और अधिक सशक्त होगी।
• रेलवे की प्रगतिशील एवं आधुनिक छवि को बल – यह पहल भारतीय रेलवे को एक समावेशी, संवेदनशील, आधुनिक एवं यात्री-केंद्रित संगठन के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप है।
