
Ranchi. झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को राज भवन में राज्य के दो प्रमुख विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से मुलाकात की और उच्च शिक्षा की स्थिति पर विचार-विमर्श किया. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाये और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाये. राज्यपाल से मुलाकात करने वालों में कोल्हान विश्वविद्यालय, चाइबासा की कुलपति प्रो अंजिला गुप्ता और बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद के कुलपति डॉ राम कुमार सिंह शामिल थे. दोनों कुलपतियों ने राज्यपाल को विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी दी.
राज्यपाल का दिशा-निर्देश
राज्यपाल ने कुलपतियों को सख्त निर्देश दिए कि विश्वविद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और छात्रों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जाए. उन्होंने शैक्षणिक कैलेंडर का पालन और सत्र के नियमितीकरण पर भी जोर दिया. इसके साथ ही, उन्होंने विश्वविद्यालयों में टीम भावना से काम करने और शोध के स्तर में सतत सुधार लाने की बात कही. राज्यपाल ने कुलपतियों को यह भी कहा कि विश्वविद्यालय ऐसा कार्य करे, जिससे उसकी सकारात्मक छवि बने और वह सभी क्षेत्रों में उत्कृष्टता का प्रतीक बने. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विश्वविद्यालयों को अपने कार्यों और उपलब्धियों को समाज के सामने लाना चाहिए.
