
Jamshedpur. करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह की हत्या रविवार को बालीगुमा में गोली मारकर कर दी गयी थी. विरोध प्रदर्शन के बीच हत्या के दो दिन बाद मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया. उनकी अंतिम यात्रा जमशेदपुर के मानगो स्थित आस्था स्पेस टाउन से शुरू हुई, जिसमें समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए. करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत भी अंतिम संस्कार में पहुंचे और विनय सिंह को श्रद्धांजलि दी. शव यात्रा सीतारामडेरा, भुइयांडीह होते हुए सुवर्णरेखा बर्निंग घाट पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया. राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर पत्रकारों से कहा कि घटना को अंजाम हुए 48 घंटे हो गए हैं. अभी तक पुलिस ने हमारे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया है. उन्होंने कहा कि पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार करे. बाद राज सिंह शेखावत अपने समर्थकों और करणी सेना के कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचे. यहां काफी देर तक वह गेट के सामने खड़े रहे.
एसएसपी संग की वार्ता, रखी मांग
घंटेभर तक इंतजार के बाद एसएसपी किशोर कौशल और सिटी एसपी ऑफिस पहुंचे. करणी सेना के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों के साथ वार्ता की. बातचीत के बाद बाहर आकर राज शेखावत ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए तीन दिन का वक्त मांगा था, लेकिन उन्होंने पुलिस को एक हफ्ते का समय दिया है. राज शेखावत ने चेतावनी दी कि अगर हफ्ते भर में हत्यारे गिरफ्तार नहीं हुए तो जमशेदपुर में बड़े स्तर पर विनय सिंह की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा. इसमें देशभर से करणी सैनिक जुटेंगे.
ये रखी मांग
राज शेखावत ने झारखंड सरकार से मांग की है कि विनय सिंह के परिवार को पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए. इसके साथ ही केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर दोषियों को फांसी की सजा दिलाई जाए. बच्चों की शिक्षा मुफ्त कराई जाए और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए.
