Site icon Lahar Chakra

परसुडीह गोलीकांड में हथियार सप्लायर गिरफ्तार, अपराधियों के नेटवर्क में लगी सेंध

Jamshedpur: परसुडीह थाना क्षेत्र में हुई गोलीकांड की जांच में पुलिस ने हथियार सप्लायर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. घटना 5 अगस्त की शाम लगभग 5:38 बजे हुई थी, जब थाना क्षेत्र के किताडीह ग्यालापट्टी निवासी रवि यादव को अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया था. इस मामले में परसुडीह पुलिस ने आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था.

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 अगस्त को तीन आरोपियों समीर कुमार सिंह उर्फ पांडु, संजय वर्मा उर्फ संजु वर्मा और बिबेक साह—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. वहीं, मुख्य आरोपी निहाल तिवारी और उसके सहयोगी रेहान खान ने अदालत में आत्मसमर्पण किया. पूछताछ में उनकी निशानदेही पर एक देशी पिस्टल, एक कट्टा, मैरून रंग की होंडा डियो स्कूटी (नंबर जेएच05डीएक्स-9816) और दो मोबाइल फोन बरामद हुए.

पुलिस ने लगातार छापेमारी अभियान चलाते हुए हथियार सप्लाई करने वाले विवेक जी उर्फ विवेक राज (20 वर्ष), पिता प्रेम दिवाकर राम, निवासी किताडीह गुरुद्वारा रोड, मूल रूप से बक्सर, बिहार को 17 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. विवेक का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में जुगसलाई थाना से आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में नामजद हो चुका है.

पुलिस सूत्रों का कहना है कि विवेक की गिरफ्तारी से परसुडीह गोलीकांड में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने में बड़ी सफलता मिली है. फिलहाल, शेष फरार अपराधियों की तलाश जारी है.

Exit mobile version