Site icon Lahar Chakra

Weather Alert: अगले 4 दिनों तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में होगी भारी बारिश, ‘येलो’ अलर्ट जारी, मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान

Ranchi. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले चार दिनों तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बादल गरजने, बिजली चमकने तथा तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने तीन से छह अगस्त तक कई जिलों में बादल गरजने, बिजली चमकने तथा तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने को लेकर ‘येलो’ अलर्ट (सतर्क रहें) जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि इस दौरान पूरे राज्य में बादल गरजने, बिजली चमकने तथा 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने एवं हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, मंगलवार को उत्तर-पश्चिमी जिलों– गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार तथा मध्यवर्ती जिलों– हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और बोकारो में भारी बारिश होने का अनुमान है। बुधवार को राज्य के पूर्वोत्तर जिलों–देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में भारी बारिश होने की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी जिलों– पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी भारी बारिश हो सकती है। हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, लोहरदगा, रांची, गुमला और खूंटी जिलों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

बुलेटिन में कहा गया है,”राज्य में बादल छाए रहने और अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।”

आईएमडी (रांची) के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, ”हमने राज्य के सभी 24 जिलों में अगले चार दिनों के लिए अलग-अलग जगहों पर बादल गरजने एवं बिजली चमकने को लेकर ‘येलो’ अलर्ट (सतर्क रहें) जारी किया है। हवा की गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है।

Exit mobile version