
Jamshedpur. जमशेदपुर समेत झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बृहस्पतिवार को बारिश, तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि होने के बाद लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली. रांची, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश हुई.
जमशेदपुर में कई जगह आंधी में पेड़ उखड़ गये. इससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गये. हालांकि जान का कोई नुकसान नहीं हुआ है.
राज्य में पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास था. मौसम में बदलाव के कारण बुधवार के बाद से अधिकतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. राज्य में सबसे अधिकतम तापमान सिमडेगा में बृहस्पतिवार को 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विज्ञान विभाग ने 21 से 22 मार्च तक झारखंड के लिए 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि को लेकर एक ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है तथा लोगों से सुरक्षा सावधानियों का पालन करने का आग्रह किया है.
