
Jamshedpur. जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में मौसम लगातार अपना मिजाज बदल रहा है। बारिश के इस दौर के बीच अब अगले चार दिनों तक राज्यवासियों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान दिन के समय आमतौर पर आसमान साफ रहेगा। इसके चलते अधिकांश हिस्सों में गर्मी बढ़ेगी। विशेषकर पलामू में अगले तीन दिन के दौरान तापमान 40° से 42° डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने के आसार हैं।
हालांकि, दिनभर मौसम साफ रहने के बाद बादल छाएंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी होगी। राहत की बात यह है कि 28 जून से मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव दिखेगा। रांची के मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत राज्य में अगले तीन दिन मानसून कमजोर रह सकता है। इस दौरान राज्य में गर्मी बढ़ेगी। हालांकि कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है। 28 जून से राज्य में मौसम में बदलाव होगा और बारिश होगी।
