Site icon Lahar Chakra

Weather Alert: IMD ने 15 नवंबर तक शीत लहर का येलो’ अलर्ट किया जारी, जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

Jamshedpur. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने झारखंड के सात जिलों में 15 नवंबर तक के लिए शीत लहर की चेतावनी बुधवार को जारी की. मौसम विभाग ने 12 से 15 नवंबर तक सात जिलों – गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा के लिए ‘येलो’ अलर्ट (सावधान रहें) जारी किया है. रांची आईएमडी के उप-निदेशक एवं मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा, सात जिलों में न्यूनतम तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है, जिससे अगले तीन दिनों के दौरान तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी कम रहेगा. उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया.

राज्य का सबसे ठंडा स्थान गुमला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि खूंटी 8.1 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे और लोहरदगा 9.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ तीसरे स्थान पर रहा. बुलेटिन में कहा गया है कि जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस, डाल्टनगंज में 10.3 डिग्री सेल्सियस और चाईबासा में 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के अनुसार, सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित होगी। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया है.

Exit mobile version