Site icon Lahar Chakra

Weather Alert: एनएच 220 पर आये बवंडर में हवा में उड़े बाइक-टेम्पो, दो लोगों की मौत, पांच गंभीर, 200 से अधिक घर क्षतिग्रस्त, आज भी ओलावृष्टि और आंधी चलने की आशंका

Jamshedpur/Rairangpur. मयूरभंज जिले में रविवार को आए भीषण तूफान ने कहर बरपाया जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए और 200 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, तूफान की चपेट में आने से जिले के 12 गांवों में भारी नुकसान हुआ। तेज हवाओं के कारण कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 220 पर आए बवंडर में पी. नाइक (54) और मालती महंत (45) की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को क्योंझर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

इसके अलावा, लगभग 40 अन्य लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग सहित स्थानीय प्रशासन गांवों की ओर रवाना हुआ और बचाव व पुनर्निर्माण कार्यों की निगरानी शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के परिवारों को सरकार नियमों के अनुसार चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करेगी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए झारखंड और ओडिशा के लिए सोमवार के दिन ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है, जबकि सुंदरगढ़, क्योंझर, बालासोर और भद्रक जिलों के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है।

Exit mobile version