
Jamshedpur. जमशेदपुर समेत झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कुछ जिलों में बारिश तथा हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो दिनों तक तापमान में बहुत बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। 6 मार्च से राज्य के कई इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
वहीं 7 मार्च को पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में बारिश की संभावना है। इसके बाद 8 मार्च को रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहेबगंज सहित कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
9 मार्च को बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहेबगंज में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 10 मार्च को भी संथाल परगना के कई जिलों में मौसम बदला हुआ रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में दिन का तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 11 से 15 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
मौसम में इस बदलाव से गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है।
