Site icon Lahar Chakra

Weather today: दुर्गा पूजा में ‘मौसम की राहत’! बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव पड़ा कमजोर, मौसम होगा साफ

Ranchi. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़कर दक्षिण ओडिशा तट को शुक्रवार को पार कर गया. इससे रविवार से झारखंड में मौसम साफ होने की संभावना है. यह जानकारी रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने शनिवार को दी. उन्होंने बताया कि दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश तट से दूर उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर बना दबाव 12 किमी प्रति घंटे की गति से लगभग पश्चिम की ओर बढ़ा. इसके दक्षिण ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए लगभग पश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होकर एक निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील होने की प्रबल संभावना है. इससे मौसम में सुधार होगा.

वहीं शनिवार को सुबह में हल्की बारिश दर्ज की गई और मध्यम गति की हवा चली. इससे लोगों को ठंड महसूस हुई और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड में सबसे अधिक बारिश पलामू जिले के चैनपुर में 51 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई. वहीं, झारखंड में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 37.1 डिग्री और सबसे कम तापमान लातेहार में 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.

Exit mobile version