


रांची. झारखंड की राजधानी रांची सहित कई जिलों में रविवार को तड़के मौसम ने कहर बरपाया. भारी गर्जना के साथ तेज आंधी, और भारी बारिश ने चाईबासा, जमशेदपुर, सरायकेला, रांची, खूंटी, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़ सहित कई जिलों में तबाही मचाई. सुबह लगभग तीन बजे शुरू हुआ यह तूफानी मौसम का कहर सुबह करीब 5.45 बजे तक जारी रहा.
इस कारण बिजली व्यवस्था ठप हो गई और कई इलाकों में पेड़ गिरने के साथ ही घरों को नुकसान होने की खबरें सामने आई हैं. भारी मशक्कत के बाद रांची शहरी क्षेत्र में सुबह 9 बजे बिजली व्यवस्था बहाल हुई. बिजली नहीं रहने से लोगों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
वहीं मौसम विभाग के अनुसार राज्य के सभी जिलों में सोमवार से मौसम साफ होगा. इससे तापमान में फिर से वृद्धि होगी. वहीं पिछले तीन-चार दिनों से निम्न दबाव के कारण राज्य भर में हुई बारिश, ओलावृष्टि और तेज गति की हवा के कारण कई पेड़ धराशायी हो गए, जबकि ओलावृष्टि से कई लोगों के एस्बेस्टस के घर टूट गए, रबी फसल और सब्जियों को भारी नुकसान हुआ.
रविवार को भी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाये रहे और दोपहर में हल्की बारिश दर्ज की गई. हालांकि बीच-बीच में धूप भी निकला. रांची में अधिकतम तापमान 28.1, जमशेदपुर में 27.8, डालटेनगंज में बोकारो में 33.6 तथा चाइबासा में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.



