Lahar Chakra

श्रीलंका से भारत लौटते समय विमान से PM Modi ने देखी रामसेतु, बोले- दर्शन पाकर धन्य हो गया, तमिलनाडु में रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन-पूजन किया

New Delhi. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को श्रीलंका से भारत लौटते समय विमान से रामसेतु के दर्शन किए. मोदी ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, ‘‘कुछ देर पहले श्रीलंका से लौटते समय मुझे रामसेतु के दर्शन का सौभाग्य मिला. दैवीय संयोग से, यह उसी समय हुआ जब अयोध्या में सूर्य तिलक हो रहा था. उन्होंने कहा, ‘दोनों के दर्शन पाकर धन्य हो गया। प्रभु श्रीराम हम सभी को जोड़ने वाली शक्ति हैं। उनकी कृपा सदैव हम पर बनी रहे. मान्यता है कि भगवान राम और उनकी वानर सेना ने रावण का वध करने के लिए लंका जाने के वास्ते जो पुल बनाया था, रामसेतु उसी का हिस्सा है.

यहां पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को रामनवमी के अवसर पर यहां प्रसिद्ध रामनाथस्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की. पारंपरिक ‘वेष्टि’ (धोती), शर्ट और ‘अंगवस्त्रम’ (गले में पहना जाने वाला वस्त्र) पहने प्रधानमंत्री रविवार को मंदिर पहुंचे. उन्होंने पिछले साल उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्री राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से पहले मंदिर में पूजा-अर्चना की थी.

मंदिर पहुंचने पर पुजारियों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और प्रधानमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना की. तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन और भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के अन्नामलाई उनके साथ थे. प्रधानमंत्री यहां नए पंबन पुल का उद्घाटन करने और विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करने आए थे. वह पड़ोसी देश श्रीलंका की अपनी आधिकारिक यात्रा पूरी करने के बाद यहां आए थे.

 

Exit mobile version