Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: झारखंड में भी ऐसे वारदात! पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, सऊदी अरब से लौटे पति पर कराया जानलेवा हमला, गिरफ्तार

Giridih. गिरिडीह जिले के बगोदर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आयी है, जहां सऊदी अरब से कमाकर लौटे इस्लाम अंसारी पर जानलेवा हमला किया गया. इस हमले की साजिश उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। बताया जा रहा है कि इस्लाम की पत्नी सोनिया का कुछ महीने पहले गांव के ही सब्बीर अंसारी से प्रेम संबंध हो गया था और दोनों ने मिलकर इस्लाम को रास्ते से हटाने की योजना बना ली थी.

जानकारी के अनुसार, 9 जून की रात करीब 10:30 बजे बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के कोल्हा गोलगो गांव में इस्लाम अंसारी पर अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया है. हमले के दौरान इस्लाम से पैसे भी लूटे गये। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने वरीय अधिकारियों को मामले से अवगत कराया.

गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार ने तत्काल सरिया-बगोदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छानबीन शुरू करवायी. पुलिस टीम ने मानव संसाधन और तकनीकी सहायता के जरिए महज 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इस्लाम की पत्नी का गांव के ही सब्बीर अंसारी से प्रेम संबंध था. इस्लाम के सऊदी से लौटते ही दोनों ने हत्या की योजना को अंजाम देना शुरू कर दिया. पुलिस ने इस साजिश में शामिल इस्लाम की पत्नी सोनिया और उसके प्रेमी सब्बीर को गिरफ्तार कर लिया है.

Exit mobile version