
Donald Trump Tariff Threats: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर सभी देशों को टैरिफ लगाने की धमकी दे दी. एयरफोर्स वन विमान में पत्रकारों को दिए बयान से हाहाकार मच गया है. राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि आने वाले दिनों में हम सभी देशों पर टैरिफ लगाएंगे. अब तक अमेरिका (United States) ने उन देशों पर टैरिफ लगाने की बात कही थी जो अमेरिकी वस्तुओं और सेवाओं पर आयात शुल्क लगाते हैं. या फिर उन देशों पर जिनके साथ अमेरिका का व्यापार असंतुलित है लेकिन ट्रंप ने इससे इंकार किया है.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “उन्होंने हमें इस तरह ठगा है जैसा इतिहास में किसी देश ने कभी नहीं ठगा है और हम उनके साथ उनसे कहीं ज्यादा अच्छा व्यवहार करने जा रहे हैं लेकिन फिर भी यह देश के लिए बहुत बड़ी रकम है.”
ट्रंप ने स्पष्ट किया कि यह केवल कुछ मुट्ठी भर देशों के बारे में नहीं है जो प्रभावित होंगे, उन्होंने केवल 10 या 15 देशों पर पारस्परिक टैरिफ की अफवाहों को खारिज कर दिया. राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “मैंने10 या 15 देशों के बारे में कोई बात नहीं की है. हम सभी देशों के बारे में बात कर रहे हैं, कोई कटऑफ नहीं.”
ट्रंप ने यह भी घोषणा की कि वे उन देशों के साथ अधिक अच्छे, अधिक उदार और दयालु होंगे जो अमेरिका पर शुल्क लगाते हैं. उन्होंने कोई आंकड़ा दिए बिना दावा किया, “शुल्क उन देशों की तुलना में कहीं अधिक उदार होंगे जो हमारे साथ थे, जिसका मतलब है कि वे उन देशों की तुलना में अधिक दयालु होंगे जो दशकों से संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ थे.”
