Lahar Chakra

Devghar में वाहन चेकिंग के दौरान बाइक से गिरी महिला, मौत, बवाल, लोगों ने पुलिस को पीटा, तीन घंटे सड़क जाम

Devghar. देवघर-सारठ एनएच पर रविवार को यातायात पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान देवघर की ओर से आ रही बाइक को रुकने का इशारा किया गया. चालक ने बाइक रोकने की बजाय भगाने की कोशिश की तो उसकी गाड़ी अनियंत्रित हो गयी. इस क्रम में बेटे के साथ बाइक पर पीछे बैठी महिला गिर गयी और उसके सिर में गंभीर चोट लगी. तुरंत उसे बगल के मेधा सेवा सदन पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.

इसके बाद लोगों ने महिला के शव को उक्त अस्पताल से स्ट्रेचर सहित खींचकर बाहर ले आया और सड़क पर रखकर जाम कर दिया गया. सभी पुलिस के प्रति आक्रोशित हो गये. लाठी-डंडे, फाइट-मुक्के व लात से महिला पुलिसकर्मी व अन्य पदाधिकारी पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने लगे. करीब तीन घंटे तक हो-हंगामा होता रहा.

बेटे का आरोप है कि चेकिंग में पुलिस ने उसकी मां को पकड़कर खींच दिया, जिससे गिरकर उसकी मौत हो गयी. हालांकि पुलिस इस आरोप को निराधार बता रही है. सीसीआर सह यातायात डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि वाहन चेकिंग के दौरान जवान ने रुकने का इशारा किया, इस पर पर वह गाड़ी को धीमा नहीं किया. इससे बाइक अनियंत्रित हुई और गिरने से महिला की मौत हो गयी. उसके बाद विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हुई. अंत में लोगों को समझाकर जाम हटवाया गया.

Exit mobile version