


नारायणपुर, सात मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में 40 लाख रुपए के इनामी 11 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है. पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में सात महिला भी शामिल हैं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर पुलिस, भारत तिब्बत सीमा पुलिस और सीमा सुरक्षा बल के प्रयासों से जिले में 11 नक्सलियों सन्नू उर्फ मंगेश (38), संतु उर्फ बदरू वड़दा (35), जनिला उर्फ जलको कोर्राम (36), सुक्की मंडावी (25), शांति कोवाची (20), मासे उर्फ क्रांति (20), सरिता उसेण्डी (19), मंगती (25), देवा राम उर्फ कारू वड़दा (21), रतन उर्फ मुकेश पुनेम (21), और कला उर्फ सुखमती (20) ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है.
उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली सन्नू और संतु के सर पर आठ-आठ लाख रूपए, जनिला के सर पर पांच लाख रूपए, सुक्की, शांति, मासे और सरिता के सर पर तीन-तीन लाख रूपए का इनाम है. अधिकारियों ने बताया कि नक्सली मंगती, देवा और रतन के सर पर दो—दो लाख रूपए का तथा नक्सली कला के सर पर एक लाख रूपए का इनाम है.



