


Barasat. पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में लोकप्रिय यूट्यूबर और उसके नाबालिग बेटे को एक लड़की से दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर लाखों ‘फॉलोवर्स’ वाले अरबिंद मंडल और उसके बेटे को 15 वर्षीय लड़की से बलात्कार करने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया गया.
उन्होंने कहा कि लड़की पिछले कई महीने से ‘रील’ बनाने में उनकी मदद कर रही थी. अधिकारी ने कहा कि आरोपियों को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गिरफ्तार किया गया.
बशीरहाट के पुलिस अधीक्षक हुसैन मेहदी रहमान ने कहा कि मंडल को बशीरहाट की एसडीजेएम अदालत ले जाया गया, जिसने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. अधिकारी ने बताया कि उनके किशोर बेटे को किशोर न्यायालय ले जाया गया और फिर किशोर गृह भेज दिया गया. उन्होंने बताया कि उसके नाबालिग बेटे को किशोर न्यायालय ले जाया गया और फिर उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया.
अधिकारी ने कहा कि लड़की के माता-पिता द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मंडल और उसके बेटे ने कपड़े बदलते समय चुपके से उनकी बेटी का वीडियो बनाया और फिर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.
शिकायत में कहा गया है कि दोनों वीडियो जारी करने की धमकी दे रहे थे और उन्होंने लड़की के घर के पास स्थित अपने घर में उससे कथित तौर पर बलात्कार किया. अधिकारी ने कहा कि लड़की का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. परिवार ने कहा कि दोनों ने कई महीने पहले कक्षा नौ की छात्रा से संपर्क किया था और उसे ‘रील’ बनाने में मदद करने के लिए कहा था. परिवार के अनुसार लड़की उनके साथ शूटिंग के लिए विभिन्न स्थान पर गई थी.



