
Rourkela. राउरकेला से जाजपुर जा रही प्रमिला बस हादसे का शिकार हो गई। बस जैसे ही चांदीपोष स्थित पेट्रोल पंप से निकली, वह अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में चली गई और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। सुंदरगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-143 पर हुए हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई तथा 20 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि राउरकेला से जाजपुर जिले के मंगलपुर जा रही बस मंगलवार रात चांदीपोश थाना क्षेत्र में ट्रक से टकराई और इस हादसे में मारे गए लोगों में दोनों वाहनों के चालक भी शामिल हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बस का एक हिस्सा काटने के बाद कुछ यात्रियों को बाहर निकाला गया। केबिन में बैठकर यात्रा करने के दौरान घायल हुए एक यात्री ने बताया कि चालक का बस पर से नियंत्रण खोने के बाद वह सड़क पर ‘डिवाइडर’ से टकरा गई और फिर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से बस की टक्कर हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल यात्रियों को राउरकेला सरकारी अस्पताल और पास के लहुनीपाड़ा अस्पताल ले जाया गया तथा कम से कम पांच यात्रियों की हालत गंभीर है। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
