जमशेदपुर, 3 अक्टूबर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा प्रत्येक माह आयोजित होने वाला 6 दिवसीय सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट प्रशिक्षण का 223वां सत्र 5 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक रेड क्रॉस भवन, साकची में आयोजित किया जायेगा। प्रशिक्षण के लिए 5 अक्टूबर तक नामांकन लिया जायेगा।
प्रशिक्षण के उद्घाटन दिवस 5 अक्टूबर को सुबह 8 से 10 बजे तक वैसे इच्छुक व्यक्तियों का भी नामांकन किया जायेगा, जो किसी कम्पनी में कार्यरत हैं अथवा दूसरे जिले या राज्य से प्रशिक्षण लेने के लिए जमशेदपुर आये हैं।
प्रशिक्षण के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में लागू महत्वपूर्ण सुरक्षा नियमों के साथ फर्स्ट एड के अंतर्गत प्राथमिक उपचार, बचाव कार्य तथा डिजास्टर मैनेजमेंट से संबंधित व्यवहारिक एवं लिखित प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रतिभागियों को आपदा की स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम करने के उपायों की जानकारी भी दी जायेगी।
रेड क्रॉस सोसाईटी ने औद्योगिक संस्थानों, कर्मचारियों एवं आपदा प्रबंधन तथा प्राथमिक उपचार में रुचि रखने वाले लोगों से प्रशिक्षण में शामिल होने की अपील की है।
8 अक्टूबर को एहसिन फाउण्डेशन के संयोजन में रक्तदान शिविर
जमशेदपुर, 3 अक्टूबर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा राष्ट्रीय रक्तदान के माहव्यापी अभियान के तहत 8 अक्टूबर को रेड क्रॉस भवन, साकची में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जायेगा। शिविर का आयोजन सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्था एहसिन फाउण्डेशन के संयोजन में रेड क्रॉस सोसाईटी के सहयोग से किया जा रहा है।
एहसिन फाउण्डेशन के मुख्य ट्रस्टी एवं रेड क्रॉस के पेट्रन आसिफ महमूद ने बताया कि फाउण्डेशन अपने सभी सहयोगियों को रक्तदान के लिए प्रेरित करेगा। इस अभियान में एहसिन इन्टरनेशनल स्कूल भी साझीदार के रूप में भाग लेगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से रक्त की आवश्यकता को पूरा करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने समाज के जागरूक युवाओं, संस्था के सहयोगियों एवं आम लोगों से 8 अक्टूबर को आयोजित रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। रेड क्रॉस सोसाईटी ने भी राष्ट्रीय रक्तदान अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक युवाओं एवं रक्तदाताओं को इस शिविर से जोड़ने का आह्वान किया है।
माहव्यापी राष्ट्रीय रक्तदान अभियान में रक्तदान व एसडीपी डोनेशन जारी
जमशेदपुर, 3 अक्टूबर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के माहव्यापी राष्ट्रीय रक्तदान अभियान के तहत नियमित रक्तदान एवं रक्त अवयवों (कम्पोनेन्ट) की आपूर्ति लगातार जारी है। 1 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के बाद 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जमशेदपुर ब्लड सेन्टर में कम्पोनेन्ट डोनेशन शिविर आयोजित किया गया।
रेड क्रॉस के कम्पोनेन्ट डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह की देखरेख में आयोजित शिविर में टाटा स्टील के नवलेश कुमार ने 23वीं, एम.वी. प्रसाद ने 37वीं, सुमन चक्रवर्ती ने 13वीं, जोरावर सिंह गबरी ने 9वीं, पुष्कर कुमार ने 19वीं, प्रीतिश जैन ने 31वीं, अमनदीप सिंह ने 28वीं तथा पी. आनन्द ने 26वीं बार एसडीपी डोनेशन किया।
इसके अलावा टाटा स्टील के प्रवीण चौधरी, संतोष मंडल, सुमित आनन्द एवं विकास कुमार ने भी रक्तदान किया। प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि ये रक्तदाता 1 अक्टूबर को रक्तदान नहीं कर सके थे, इसलिए उन्होंने अगले दिन रक्तदान किया। जमशेदपुर ब्लड सेन्टर की टीम के साथ मिलकर रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
829वें नेत्र शिविर में 78 मरीजों की जांच, 37 में मोतियाबिंद
जमशेदपुर, 3 अक्टूबर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम एवं राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा द्रोपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 829वां नेत्र शिविर बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान में आयोजित किया गया। शिविर में नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह एवं उनकी सहयोगी चिकित्सीय टीम ने 78 नेत्र रोगियों की जांच की, जिनमें 37 मरीजों को मोतियाबिंद से ग्रसित पाया गया।
मोतियाबिंद से चिन्हित मरीजों की आवश्यक शारीरिक स्वास्थ्य जांच के बाद उपयुक्त मरीजों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण रविवार को किया जायेगा। यह ऑपरेशन डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. भारती शर्मा एवं उनकी सहयोगी टीम द्वारा किया जायेगा।
शिविर के दौरान रेड क्रॉस सोसाईटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के साथ वाईस पेट्रन राजेश मोहन प्रसाद, अशोक घोषाल, पेट्रन संजय सिंह, कार्यकर्ता राकेश मिश्र, राधेश्याम कुमार, प्रकाशभानु महतो एवं श्याम कुमार प्रसाद सहित अन्य उपस्थित थे।