Lahar Chakra

3rd March Jamshedpur: टाटा स्टील कंपनी परिसर और बिष्टुपुर पोस्टल पार्क में होगा मुख्य समारोह, कंपनी परिसर में भव्य परेड और झांकियां

Jamshedpur.टाटा समूह के संस्थापक जेएन. टाटा की 187वीं जयंती पर 3 मार्च को लौहनगरी में कार्यक्रमों की धूम रहेगी। मुख्य समारोह टाटा स्टील कंपनी परिसर और बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क में आयोजित किए जाएंगे, जहां टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन स्वयं उपस्थित रहकर संस्थापक को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। सुबह 7:30 बजे से टाटा स्टील वर्क्स गेट स्थित मुख्य परिसर में कार्यक्रम की शुरुआत होगी।

इस ऐतिहासिक परेड में टाटा समूह की 34 कंपनियां शामिल होकर अपने संस्थापक को सलामी देंगी। परेड की कमान सबसे आगे टाटा मेन हॉस्पिटल की टीम संभालेगी। इस वर्ष मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स ‘वन विजन-वन टाटा स्टील’ की थीम पर आकर्षक झांकियां भी प्रदर्शित करेंगी।  सुबह 9:30 बजे बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क में मुख्य सार्वजनिक आयोजन होगा।

यहां चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन संस्थापक की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद शहरवासियों को संबोधित करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि वे अपने संबोधन में जमशेदपुर के विकास और भविष्य के नए निवेशों (जैसे 11,000 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट) पर प्रकाश डालेंगे।
मुख्य कार्यक्रमों से पहले, चेयरमैन सुबह 8:00 बजे टाटा मोटर्स प्लांट जाएंगे। वहां वे संस्थापक को श्रद्धांजलि देने के बाद प्लांट हेड और यूनियन नेताओं के साथ संक्षिप्त बैठक करेंगे। दोपहर के भोजन के पश्चात वे वापस मुंबई के लिए रवाना हो जाएंगे।

Exit mobile version