
Ranchi. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य आंदोलन का नेतृत्व करने वाले निर्मल महतो की 75वीं जयंती पर बृहस्पतिवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. सोरेन ने जेल मोड़ पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पूर्व अध्यक्ष की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और माल्यार्पण किया. सोरेन के साथ उनकी पत्नी एवं गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद थे. जमशेदपुर के चमारिया गेस्ट हाउस में आठ अगस्त 1987 को बदमाशों ने महतो की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
सोरेन ने पत्रकारों से कहा, ‘राज्य स्थापना आंदोलन में महतो जी ने अमूल्य योगदान दिया. उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करते हुए, राज्य निरंतर प्रगति कर रहा है. सोरेन ने कहा, ‘हमारे राज्य के युवा उन्हें अपना मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत मानते हैं. राज्य का हर युवा उन पर गर्व करता है और हम उनके विचारों को जीवित रखते हुए आगे बढ़ते रहेंगे.’
