


Seraikella- kharsawan: सरायकेला जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर बुधवार को राजनगर थाना क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया. इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो की मौजूदगी में दोपहिया वाहन चालकों की सघन जांच की गई.
जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना लगाया गया. खास बात यह रही कि केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि कई चालकों को मौके पर हेलमेट भी उपलब्ध कराए गए और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया.
अभियान में पुलिस पदाधिकारियों और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यों ने भी भाग लिया. इस दौरान आम लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करते हुए हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की गई.
प्रशासन ने साफ किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही, दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से ऐसे जांच और जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे.



