


Ranchi. अगले एक वर्ष में झारखंड कैडर के 18 आइएएस अफसर सेवानिवृत्त हो जायेंगे. इन अफसरों में एक को छोड़ कर सभी प्रोन्नति पाकर राज्य प्रशासनिक सेवा से आइएएस बने हैं. उनमें से दो अधिकारी इसी वर्ष 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हो जायेंगे. राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी अगले वर्ष सेवानिवृत्त होने वाली एकमात्र डायरेक्ट आइएएस अधिकारी होंगी. वहीं, राज्य प्रशासनिक सेवा से प्रोन्नति पाकर आइएएस बने शेष 15 अधिकारी अगले वर्ष विभिन्न महीनों में सेवानिवृत्त हो जायेंगे.
वर्ष 2025 में राज्य प्रशासनिक सेवा व गैर प्रशासनिक सेवा के कुल 15 अधिकारियों को आइएएस में प्रोन्नति मिलेगी. राज्य प्रशासनिक सेवा के नौ अधिकारियों व गैर प्रशासनिक सेवा के छह अफसरों को आइएएस में प्रोन्नति दी जानी है. प्रशासनिक सेवा के अफसरों के साक्षात्कार के बाद प्रोन्नति पाने वाले अधिकारियों के नाम घोषित कर दिये गये हैं. जबकि, गैर प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को प्रोन्नति देने के लिए यूपीएससी ने 27 दिसंबर को साक्षात्कार आयोजित किया है. झारखंड में आइएएस अफसरों की कमी है.
राज्य में आइएएस अफसरों के कुल 215 पद स्वीकृत हैं. इन पदों के विरुद्ध फिलहाल झारखंड कैडर में 170 अफसर ही काम कर रहे हैं. अगले साल प्रोन्नति से भरे जाने वाले आइएएस के पदों को भरने के बाद भी अफसरों की संख्या कम हो जायेगी. 18 आइएएस अधिकारियों की सेवानिवृत्ति के बाद अगले साल स्वीकृत पदों के विरुद्ध 169 आइएएस अधिकारी ही राज्य में कार्यरत होंगे.



