


Jamshedpur. सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बागुनहातु डी ब्लॉक रिवर रोड नंबर 6 में गुरुवार की देर रात खुशबू साहू का ( 20 वर्ष) का फंदे से लटका शव पुलिस ने बरामद किया. मृतका का डेढ़ वर्ष पूर्व (27 जून 2023 को) रवि साहू से विवाह हुआ था. उसका मायके सोनारी बुधराम मोहल्ला में हैं. जानकारी मिलने पर शुक्रवार को मृतका के मायके पक्ष के लोग बागुनहातु पहुंचे. उनलोगों ने खुशबू के पति समेत ससुरालवालों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है.
इस दौरान मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा किया. पुलिस मृतका के पति रवि साहू को पकड़ कर सिदगोड़ा थाना ले गयी. जहां पूछताछ की जा रही है. मृतका की बहन सुमन साहू ने सिदगोड़ा थाना में पति रवि साहू के अलावा सास आशा देवी, ससुर भगवान साहु और जेठ गोलू साहू के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत की है.
सुमन साहू के अनुसार शादी के कुछ दिनों के बाद से ही पति समेत ससुरालवाले बहन को प्रताड़ित करते थे. गुरुवार की रात करीब 10 बजे बहन से फोन पर बात हुई थी. जिसके बाद रवि गाली- गलौज करने लगा. बहन की मौत की खबर भी इनलोगों ने नहीं दी. आसपास के लोगों के रात करीब 12 बजे फोन कर जानकारी दी. रवि अक्सर नशे की हालत में खुशबू से मारपीट करता था. पुलिस ने बीच- बचाव कर मामला शांत कराया. जिसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम में भेज दी.



