



Jamshedpur. जमशेदपुर फुटबॉल क्लब और ओडिशा एफसी के बीच पांच मार्च को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इंडियन सुपर लीग का मैच खेला जायेगा. जेएफसी से मुकाबले के लिए ओडिशा एफसी की टीम जमशेदपुर पहुंच गयी है. इस मैच के लिए टिकटों की बिक्री ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरीके से की जा रही है. यह मैच ओडिशा एफसी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है. अंक तालिका में छठे स्थान पर काबिज ओडिशा एफसी यह मैच जीतकर अपने प्ले ऑफ के दावेदारी को मजबूत करना चाहेगी. प्ले ऑफ में जेएफसी के अलावा, मोहन बागान, एफसी गोवा व बेंगलुरु एफसी की टीम पहुंच चुकी है. प्ले ऑफ में दो सिट अभी भी खाली है.
जमशेदपुर एफसी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है और 22 मैचों में 12 जीत, दो ड्रा और आठ हार से 38 अंक लेकर तालिका में चौथे स्थान पर है. ओडिशा एफसी 23 मैच में सात जीत, नौ ड्रा और सात हार से 30 अंक लेकर तालिका में सातवें स्थान पर है और अपना अंतिम लीग मैच खेलने को तैयार है, जिसमें जीत से वो 33 अंक तक पहुंच जाएंगे. अगर छठे स्थान पर काबिज मुम्बई सिटी एफसी (33) अपने बचे हुए दोनों मैच हार जाती है, तो जगरनॉट्स की प्लेऑफ उम्मीद बनी रहेंगी. जगरनॉट्स अपने पिछले दो आईएसएल मैचों में गोल करने में विफल रहे हैं और गोलरहित हैट्रिक से बचना चाहेंगे. वे इस सीजन में 41 गोल के साथ चौथी सबसे ज्यादा स्कोर करने वाली टीम हैं.
जगरनॉट्स ने 2025 की शुरुआत से प्रति मैच बॉक्स के अंदर से विरोधियों को औसतन 9.9 शॉट लगाने दिए हैं. जमशेदपुर एफसी ने मौजूदा अभियान में अपने 46.1% पास आगे खेले हैं, जो सभी टीमों (चेन्नइयन एफसी 47.8%) में दूसरा सबसे बड़ा हिस्सा है. हालांकि, उन्होंने उनमें से केवल 52.5% को पूरा किया है, जो लीग में दूसरा सबसे कम है. जमशेदपुर एफसी के गोलकीपर एल्बिनो गोम्स ने इस सीजन में सबसे ज्यादा 83 बचाव किए हैं. रेड माइनर्स के मुख्य कोच खालिद जमील ने कहा कि उनकी टीम को घर पर बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है.



