



Ranchi.झारखंड विधानसभा में मंगलवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर रंग-अबीर और फूलों की होली खेली. इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी उत्साह के साथ होली खेली और अपनी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन की ओर फूलों की पंखुड़ियां बिखेर दीं, जिससे वह शरमा गईं और मुस्कुराने लगीं. होली मिलन समारोह के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के विधायक शामिल हुए.
कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी सरकार के मंत्रियों समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. इस दौरान सभी नेताओं ने एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा की और गुलाल-अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं. विधानसभा परिसर में रंगों का नजारा देखते ही बन रहा था. हर कोई पारंपरिक होली के रंग में डूबा नजर आया, जिससे पूरे माहौल में उल्लास और उमंग की लहर दौड़ गई.
सीएम ने कहा, “होली का त्योहार नजदीक है और हम सभी इसे हर्षोल्लास के साथ मनाने लगे हैं. मैं अपनी तथा झारखंड सरकार की ओर से प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं.” उन्होंने आगे कहा कि रंगों का यह त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है. उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की और कहा कि इस त्योहार को सभी स्वस्थ, सुंदर वातावरण में मनाएं.



