



Jamshedpur. जमशेदपुर के बिष्टुपुर में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के मेन ब्रांच -2 से लाखों रुपए की चोरी हुई है. घटना का खुलासा तब हुआ, जब कार्यालय खोला गया और सीसीटीवी काम नहीं कर रहा था. जांच करने पर डीवीआर गायब मिला और लॉकर टूटा पाया गया. सूत्रों के अनुसार, लॉकर से करीब 55 लाख रुपए से अधिक की नकदी गायब होने की आशंका है. हालांकि, सही आंकड़ा LIC प्रबंधन और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.
पुलिस की तकनीकी टीम भी एलआईसी दफ्तर पहुंची. तिजोरी और अन्य जगहों से फिंगर प्रिंट एकत्र किए जा रहे हैं. इसके अलावा, कई कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि दफ्तर की चाबी किसके पास रहती थी. पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की इस घटना का खुलासा कर लिया जाएगा.

सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
इस घटना को बेहद पेशेवर ढंग से अंजाम दिया गया है. डीवीआर गायब होने से सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे जांच में चुनौती आ रही है. हालांकि पुलिस जल्द ही इस मामले को सुलझाने का दावा कर रही है. इस बड़े चोरी कांड ने एलआईसी कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
शाखा प्रबंधक ने यह कहा
वरिष्ठ शाखा प्रबंधक राकेश रंजन सिन्हा ने कहा कि जब कार्यालय खोला गया, तो सीसीटीवी बंद था और डीवीआर गायब मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि लॉकर का ताला टूटा हुआ था और खिड़की भी खुली हुई थी.



