


Mumbai. देशभक्ति पर आधारित ‘शहीद’, ‘उपकार’ एवं ‘पूरब और पश्चिम’ जैसी लोकप्रिय फिल्मों में अभिनय के बाद ‘भारत कुमार’ के नाम से मशहूर- दिग्गज अभिनेता एवं फिल्मकार मनोज कुमार का शुक्रवार को तड़के मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे. मनोज कुमार के पारिवारिक मित्र और फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने बताया कि कुमार पिछले कुछ समय से बीमार थे और उम्र संबंधी समस्याओं के कारण उनका कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल में तड़के करीब साढ़े तीन बजे निधन हो गया.
कुमार की फिल्मों ने 1960 और 1970 के दशक में ‘बॉक्स ऑफिस’ पर जबरदस्त सफलता हासिल की. अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और कार्यकारी निदेशक डॉ. संतोष शेट्टी ने एक बयान में कहा, ‘वह (कुमार) पिछले कुछ सप्ताह से अस्पताल में भर्ती थे. मनोज कुमार के बेटे कुणाल गोस्वामी ने बताया कि उनके पिता स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं से पीड़ित थे और पिछले कुछ साल से बिस्तर पर थे.



