


जमशेदपुर. हिंदी साहित्य के संवर्धन और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था हिंदी साहित्य भारती, झारखंड प्रदेश के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज राजभवन में झारखंड के माननीय राज्यपाल महामहिम श्री संतोष गंगवार जी से शिष्टाचार मुलाकात की.
प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण सज्जन ने किया. मुलाकात के दौरान आगामी जुलाई माह में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय हिंदी साहित्य गोष्ठी को लेकर महामहिम को आमंत्रण पत्र सौंपा गया और उन्हें इस महत्वपूर्ण साहित्यिक आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होने का आग्रह किया गया.
इस अवसर पर हिंदी साहित्य भारती की ओर से महामहिम को साहित्यिक कृतियों की तीन चयनित पुस्तकें एवं एक पारंपरिक साल भेंट कर सम्मानित किया गया.
प्रतिनिधि मंडल में डॉ. अरुण सज्जन के साथ रांची जिला अध्यक्ष श्री बलराम पाठक, संगठन महामंत्री श्री अजय राय, तथा उपाध्यक्ष श्री संजय सराफ उपस्थित रहे.
इस भेंटवार्ता को संस्था की ओर से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, जो आने वाले समय में झारखंड की साहित्यिक गरिमा को देश और विदेश में एक नई पहचान देने में सहायक सिद्ध होगी.



