


Mumbai. स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही और दोनों मानक सूचकांक नीचे आ गए। बीएसई सेंसेक्स जहां 83 अंक के नुकसान में रहा, वहीं एनएसई निफ्टी 19 अंक नीचे आया। ईरान-इजराइल के बीच जारी संघर्ष के बीच वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के साथ घरेलू बाजार में गिरावट आई. विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर को यथावत रखने के निर्णय से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई. उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 82.79 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,361.87 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह ऊंचे में 81,583.94 तक गया और नीचे में 81,191.04 अंक तक आया.
पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 18.80 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 24,793.25 अंक पर बंद हुआ.
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में अमेरिका की संभावित भागीदारी को लेकर चिंताओं के कारण दुनिया भर में निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं. उन्होंने कहा, फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर को यथावत रखने से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई. मुद्रास्फीति के लगातार ऊंचा होने और धीमी आर्थिक वृद्धि के संकेत का असर सॉफ्टवेयर निर्यात से जुड़ी कंपनियों के शेयरों पर पड़ा.सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, नेस्ले और टाटा स्टील प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं.
दूसरी तरफ महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, लार्सन एंड टुब्रो, भारती एयरटेल और मारुति के शेयर लाभ में रहे.



