


Ranchi. झारखंड में बारिश को लेकर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के डीसी से बातचीत की. इस दौरान राज्य में हो रहे भारी बारिश को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि जलजमाव से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठायें. जिलों में हुए नुकसान का आकलन कर सरकार को रिपोर्ट सौंपी जाये, जिससे तत्काल राहत और मुआवजा दिया जा सके.
सीएम ने कहा है कि जिलों में स्थापित कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा जाये. बरसात में सर्प दंश के भी ज्यादा मामले आते हैं, इसलिए स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी रेबीज टीके समेत अन्य जरूरी दवाइयां रखने पर जोर दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात में होनेवाली समस्याओं से निपटने की पूरी तैयारी सुनिश्चित करें. बारिश के कारण सड़क और पुल-पुलिया से संबंधित क्षति की शीघ्र मरम्मत करें. अवैध बालू निकासी के कारण पुल धंसने के मामलों की जानकारी लेकर अविलंब रोक लगायें. मौके पर मंत्री डॉ इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के डीसी उपस्थित रहे.



