


जमशेदपुर । जिला पुलिस केंद्र में आज दिनांक 29 जून को सेवानिवृत्त पुलिस पदाधिकारी संघ द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संघ से जुड़े सभी पूर्व पुलिस उपाधीक्षकगण और अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज सेवा की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाना रहा।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान संघ ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया कि वह केवल पर्यावरणीय गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों की मदद के लिए भी आगे आएगा। विशेष रूप से उन गरीब बच्चों के लिए, जिनकी पढ़ाई आर्थिक तंगी या संसाधनों की कमी के कारण रुक गई है, संघ पठन-पाठन सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य करेगा।
इसके अलावा, संघ ने यह भी संकल्प लिया कि समाज के गरीब और पिछड़े वर्ग के लोगों को कानूनी सहायता दी जाएगी। खासतौर पर उन लोगों को जो अनजाने में किसी कानूनी मुसीबत में फंस गए हैं या नशे की लत के कारण लगातार अपराधों की ओर बढ़ते जा रहे हैं, उन्हें पुनर्वास के रास्ते पर लाने के लिए संघ नशा मुक्ति अभियान चलाएगा। इसके तहत समाज में जागरूकता फैलाने और सही मार्गदर्शन देने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान संघ के वरिष्ठ सदस्य कमल किशोर, बीड़ी सिंह, के एन मिश्रा, पी के सिंह, बी के चतुर्वेदी, एम डी सफीउल्ला, संजीव सिंह, मदन सिंह, और कन्हैया उपाध्याय प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सभी ने एकमत होकर कहा कि सेवानिवृत्त जीवन केवल विश्राम का नहीं, बल्कि समाज को कुछ लौटाने का अवसर होता है।
READ MORE :रांची-गोड्डा और आरा-रांची एक्सप्रेस में शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा
संघ का उद्देश्य है कि समाज के हर वर्ग को स्वच्छ, सुरक्षित और न्यायपूर्ण वातावरण में जीने का अधिकार मिले। संघ यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी नागरिक गलत परिस्थितियों के कारण अपने जीवन की दिशा न खो दे। ऐसे में पूर्व पुलिस पदाधिकारियों की यह पहल निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होगी।



