


Gumla. गुमला शहर के जाने-माने व्यवसायी एवं जाजोदिया स्टोर के मालिक, सिसई रोड निवासी विनोद जाजोदिया की अपराधियों ने रविवार को दिनदहाड़े भुजाली मारकर हत्या कर दी. इस घटना से गुमला के व्यापारियों में आक्रोश है. रविवार को ही सीए का रिजल्ट जारी हुआ था, जिसमें विनोद के बेटे गोविंद जाजोदिया ने सीए की परीक्षा पास की थी. परिवार में खुशी का माहौल था. लेकिन इसी खुशी के बीच अपराधियों ने विनोद की हत्या कर दी. जिससे घर में मातम छा गया है.
घटना के बाद देर शाम को गुमला शहर के व्यापारियों की भीड़ मृतक के घर के समीप जुट गयी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की है, जिसमें एक युवक को विनोद पर भुजाली से हमला करते हुए देखा गया है. बताया जा रहा है कि तीन अपराधी थे, जिनमें दो अपराधी रेकी कर रहे थे, जबकि एक ने हमला किया. थाना प्रभारी महेंद्र करमाली ने बताया कि पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान चला रही है. रविवार करीब साढ़े तीन बजे विनोद जाजोदिया अपने घर के सामने स्थित एक दुकान से ब्रेड खरीदकर लौट रहे थे.
जैसे ही वे सड़क पार कर अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से एक अपराधी आया और उनकी गर्दन, चेहरा तथा सिर पर भुजाली से वार कर दिया. बताया जा रहा है कि उनकी एक आंख भी बाहर निकल गयी थी और सिर फट गया था. हमलावर हमले के बाद बड़े आराम से भाग निकला.



